Important Posts

Advertisement

68,500 शिक्षक भर्ती मामला: अखिलेश ने की पुलिस के लाठीचार्ज की निंदा, कहा, सरकार को बहुत महँगा पड़ेगा, घायलों से मिले सपा नेता

लखनऊ। 68500 सहायक अध्यापक भर्ती के रिक्त पदों को भरे जाने की मांग को लेकर विधान भवन के सामने प्रदर्शन कर रहे बीटीसी अभ्यर्थियों पर पुलिस ने शुक्रवार को जमकर लाठियां भांजीं।
सड़क पर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। इसमें दर्जनों अभ्यर्थी घायल हो गए और भगदड़ मच गई। खून से लथपथ अभ्यर्थियों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं पुलिस ने इसके बाद करीब एक दर्जन अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर हजरतगंज कोतवाली ले आई। इस लाठीचार्ज को लेकर यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विधानसभा के सामने 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार छात्र-नौजवान विरोधी है। उनके निर्देश पर सपा नेताओं ने सिविल अस्पताल जाकर घायलों का हाल-चाल जाना।


अखिलेश यादव ने कहा कि शांतिपूर्ण और अहिंसक तरीके से धरना दे रहे अभ्यर्थियों को बर्बरता पूर्वक पीटा जाना दुखद और शर्मनाक है। भाजपा सरकार में रोजगार तो मिलने से रहा, उल्टे नौजवानों के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। युवाओं के इसी ख़ून से भाजपा के पतन की कहानी लिखी जाएगी। लखनऊ में शिक्षक अभ्यर्थियों पर अहंकारी भाजपा का लाठीचार्ज सरकार को बहुत महँगा पड़ेगा। रोज़गार के अधिकार की इस लड़ाई में समाजवादियों की संवेदना एवं पूर्ण समर्थन घायल अभ्यर्थियों के साथ है।
लाठीचार्ज में घायल हुए अभ्यर्थियों आलोक कुमार, अवधेश कुमार, मनोज कुमार, आदित्य गुप्ता, कृष्णन और रोहन जायसवाल को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनसे मिलने के लिए समाजवादी पार्टी की ओर से विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष रामगोविन्द चौधरी, विधान परिषद में नेता विरोधी दल अहमद हसन व पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी हाॅस्पिटल पहुंचे और घायलों से मिलकर उन्हें हर सम्भव मदद देने का भरोसा दिया। रॉयल बुलेटिन की नई एप प्ले स्टोर पर आ गयी है।

UPTET news