ऑनलाइन परीक्षा में योग्य रहे उम्मीदवारों के लिए शारीरिक फिटनेस परीक्षण होगा।
नई दिल्ली, एजेंसी। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में बदलाव कर दिया है। अब अग्निवीर भर्ती के तहत सेना में शामिल होने के इच्छुक उम्मीदवारों को पहले ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (सीईई) देनी होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को शारीरिक रूप से चुस्त-दुरुस्त होने (फिजिकल फिटनेस) संबंधी परीक्षण और मेडिकल जांच से गुजरना होगा।
सेना सूत्रों ने बताया कि भर्ती के लिए पहली ऑनलाइन परीक्षा अप्रैल में देशभर के लगभग 200 स्थानों पर आयोजित की जा सकती है। इसके लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस बारे में सेना विभिन्न माध्यमों से भी लोगों तक जानकारी पहुंचा रही है। भर्ती की नई प्रक्रिया अगली भर्ती में शामिल होने वाले करीब 40,000 उम्मीदवारों पर लागू होगी।
बदलाव क्यों किया नई व्यवस्था को अमल में लाने के पीछे मकसद भर्ती रैलियों में होने वाली भीड़ और चयन प्रक्रिया की लागत को कम करना है। भर्ती रैलियों में हजारों अभ्यर्थी आते थे। इनकी स्क्रीनिंग की जाती थी। उससे प्रशासनिक संसाधनों पर जोर पड़ता था। जब ज्यादा उम्मीदवार होते हैं तो भर्ती रैलियों में कानून और व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की जरूरत पड़ती है। मेडिकल स्टाफ में भी ज्यादा लोग चाहिए होते हैं। रैली में अत्यधिक भीड़ की वजह से कई बार हादसे भी हुए हैं। इससे प्रबंधन और संचालन आसान हो सकेगा।

ليست هناك تعليقات:
إرسال تعليق