Union Budget 2026: रविवार को पेश होगा आम बजट, ओम बिरला ने की पुष्टि

 नई दिल्ली। देश का आम बजट (Union Budget 2026) पेश होने को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर अब विराम लग गया है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पुष्टि कर दी है कि इस बार आम बजट रविवार, 1 फरवरी 2026 को ही पेश किया जाएगा। बजट सुबह 11 बजे संसद में पेश होगा।

दरअसल, अब तक आम बजट हर साल 1 फरवरी को ही पेश किया जाता रहा है, लेकिन इस बार 1 फरवरी रविवार होने के कारण यह कयास लगाए जा रहे थे कि क्या बजट की तारीख बदलेगी। हालांकि, लोकसभा अध्यक्ष की पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि छुट्टी के दिन भी बजट पेश किया जाएगा।

28 जनवरी से शुरू होगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू होगा। इस दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के अनुसार, बजट सत्र 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा।

दो चरणों में होगा सत्र

बजट सत्र का पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी 2026 तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 को समाप्त होगा।

30 जनवरी को आएगा आर्थिक सर्वे

बजट सत्र की शुरुआत के बाद 29 जनवरी को बीटिंग रिट्रीट समारोह के कारण संसद की कार्यवाही नहीं होगी। वहीं 30 जनवरी को दोनों सदनों की बैठक होगी, जिसमें देश का आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey of India) पेश किए जाने की संभावना है।
1 फरवरी को बजट पेश होने से पहले 31 जनवरी को लोकसभा और राज्यसभा की कोई बैठक नहीं होगी।

गुड फ्राइडे से पहले खत्म हो सकता है सत्र

अधिकारियों के मुताबिक, 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे और इसके बाद साप्ताहिक अवकाश होने के कारण संसद सत्र एक दिन पहले भी समाप्त हो सकता है।