Leaderboard Ad – Below Nav

Ad – Above Posts (Multiplex/Display)

Ad – Between Posts Section

अम्बेडकर नगर को 195 करोड़ की सौगात

अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को कहा कि उनकी सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए कृतसंकल्प है तथा विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
यादव ने अम्बेडकर नगर में 195 करोड़ रुपए से अधिक की 68 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 110 करोड़ रुपए लागत की 23 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा 85 करोड़ रुपए की 45 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। लोकार्पित परियोजनाओं में लगभग 14 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्माणाधीन ‘लोहिया भवन’ प्रमुख है। इस अवसर पर जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की समाजवादी सरकार प्रख्यात समाजवादी नेता एवं विचारक डॉ. राम मनोहर लोहिया के दिखाए रास्ते पर चलकर बड़े पैमाने पर विकास कार्य करा रही है।
हम सभी का सौभाग्य है कि आज लोहिया की जन्मस्थली पर उपस्थित हैं। उन्होंने कहा कि यहां राम मनोहर लोहिया की स्मृति में लोहिया पार्क बनाया जाएगा तथा उनकी विशाल प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बगैर किसी भेदभाव के प्रदेश के सभी क्षेत्रों एवं वर्गों के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। शहरी एवं ग्रामीण इलाकों के संतुलित विकास पर ध्यान दिया जा रहा है। उनकी सरकार उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए कृतसंकल्प है । राज्य के विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान, बेरोजगार सभी की पूरी मदद की जा रही है। सिंचाई, दवाई, पढ़ाई मुफ्त की गई है। समाजवादी सरकार की योजनाएं समाज के हर तबके के लिए लागू की गईं, जिनका लाभ जनता तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश का सबसे लम्बा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे तेजी से बन रहा है, जिसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा। इसके किनारे बड़ी मण्डियों की स्थापना की जाएगी। इसी प्रकार, प्रदेश के पूर्वी इलाकों को जोड़ने के लिए, समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए राज्य सरकार ने अपने बजट में 1500 करोड़ रुपए की व्यवस्था की है।
यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को समाजवादी पेंशन योजना के माध्यम से लाभान्वित कर रही है। यह देश की सबसे बड़ी पेंशन योजना है। इसे राज्य सरकार अपने संसाधनों से लागू कर रही है। अभी तक इसके जरिए 45 लाख गरीब परिवारों को हर महीने 500 रुपए की सहायता प्रदान की जा रही थी। इस वित्तीय वर्ष से समाजवादी पेंशन योजना का लाभ 55 लाख गरीब परिवारों को मिलेगा। राज्य सरकार निर्माण कार्य में लगे पंजीकृत मजदूरों एवं उनके परिवारों को बड़े पैमाने पर राहत पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटाप, छात्राओं को कन्या विद्याधन देने का कार्य किया है। इसका ग्रामीण इलाकों के विद्यार्थियों को काफी लाभ मिल रहा है। इस योजना की नकल अन्य प्रदेशों की सरकारें भी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार कृषक दुर्घटना बीमा के तहत किसानों के आश्रितों को पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता मुहैया करा रही है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत धनराशि को एक लाख रुपए से बढ़ाकर पांच लाख रुपए किया गया है। साथ ही, योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कमी को दूर करने के लिए नए बिजली घरों की स्थापना की जा रही है, जिससे विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि फैजाबाद, अयोध्या तथा आजमगढ़ की भांति अम्बेडकर नगर जिले के अकबरपुर, टांडा तथा जलालपुर में विद्युत तारों को भूमिगत करके विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाया जाएगा।

किसानों ने एनटीपीसी के विस्तारीकरण के लिए जमीन देने के समाजवादी सरकार के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है। एनटीपीसी के विस्तार से विद्युत व्यवस्था में काफी सुधार आएगा। यादव ने कहा कि नौकरियों और रोजगार के क्षेत्र में समाजवादी सरकार के कार्यों का लाभ जनता को मिला है। शिक्षामित्रों को बड़े पैमाने पर सहायक अध्यापक बनाया गया। पुलिस बल की कमी को दूर करने के लिए बड़े पैमाने पर भर्तियां की गईं और आगे भी की जाएंगी। पुलिस भर्ती प्रक्रिया को आसान किया गया है। सिर्फ शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग में ही नहीं, बल्कि प्रदेश के हर विभाग में पारदर्शी ढंग से भर्तियों का काम तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा के लिए सेण्टर से सम्बन्धित समस्याओं का समाधान करने के लिए सभी स्कूलों पर परीक्षा केन्द्र बनाया जाएगा, ताकि छात्र-छात्राओं को भाग-दौड़ का सामना न करना पड़े। इस मौके पर राज्य के बेसिक शिक्षा मंत्री अहमद हसन, श्रम मंत्री शाहिद मंजूर, दुग्ध विकास मंत्री राममूर्ति वर्मा, स्वास्थ्य एवं चिकित्सा राज्य मंत्री शंखलाल माझी, विधान परिषद सदस्य हीरालाल यादव ने भी सम्बोधित किया। सभा के पहले यादव ने यहां स्थापित राम मनोहर लोहिया की प्रतिमा का अनावरण भी किया। उन्होंने 1500 श्रमिकों को साइकिल, 10-10 लाभार्थियों को समाजवादी पेंशन योजना तथा लोहिया आवास योजना के प्रमाण-पत्र, 10 मेधावी छात्र-छात्राओं को लैपटाप, फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत तीन लार्भार्थियों को ट्रैक्टर, 44 लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत पांच समूहों को 5 लाख रुपए के चेक भी प्रदान किये। इसी प्रकार दो कृषकों को एग्रीजंक्शन योजना के तहत भी लाभान्वित किया गया।

sponsored links:
ख़बरें अब तक - 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती - Today's Headlines

UPTET news