प्रयागराज, वरिष्ठ संवाददाता। एसआईआर अभियान के अंतिम चरण में थोड़ी सी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा रही है। फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में एआरओ ने एक सुपरवाइजर का वेतन रोक दिया, जबकि दो बीएलओ के मानदेय पर रोक लगाई और चार को अंतिम चेतावनी दी गई है। इस बीच नोटिस जनरेट करने का काम लगभग पूरा हो गया है। जिले में 99.99 फीसदी नोटिस जनरेट कर लिया गया, जबकि 71.25 फिसदी को इसे सौंप दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी को निर्देश दिया है कि वो तत्काल नोटिस की सुनवाई करें।
फाफामऊ विधानसभा क्षेत्र में ईआरओ हीरालाल सैनी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत जारी नोटिस की सुनवाई और जमा होने वाले फॉर्मों की समीक्षा की। पर्यवेक्षण कार्य में लापरवाही पाए जाने पर बूथ नंबर एक से 10 के बीएलओ के सुपरवाइजर रामकुमार के वेतन आहरण रोक लगाने का निर्देश दिया। काम में लापरवाही पर बूथ नंबर 154 के बीएलओ सौरभ शेखर व बूथ संख्या 337 के बीएलओ अभिताभ मिश्र के मानदेय के भुगतान पर रोक लगाने के निर्देश दिए। असंतोषजनक कार्य पाए जाने पर बूथ संख्या 34, 255, 271 और 341 की बीएलओ पदमा शुक्ला, शिवानी पटेल, रेखा सिंह व पूनम लता को अंतिम चेतावनी दी गई है। वहीं आखिरी अंतिम चरण में अभियान के आने पर नोटिस निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा ने बताया कि 1062435 के सापेक्ष कुल 102323 नोटिस जनरेट कर ली गई। यानी कुल 99.99 फीसदी नोटिस जनरेट हो चुकी है। जबकि 756967 को नोटिस जारी कर दी गई है। यानी 71.25 फसदी मतदाताओं को नोटिस दी जा चुकी और 61.63 फीसदी यानी कुल 654745 मतदाताओं की सुनवाई हो चुकी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नोटिस जनरेट होने के बाद इसे जारी करने और सुनवाई के काम को और तेजी से किया जाएगा। अफसरों का कहना है कि इस वक्त भी प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। कोई लापरवाही करेगा तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
ऐसे भी जमा कर सकते हैं फॉर्म
अगर आपकी आयु 18 साल पूरी हो चुकी है और आप बूथ पर नहीं जाना चाहते हैं तो आप मोबाइल एप या वेबसाइट के जरिए भी ऑनलाइन फॉर्म छह भर सकते हैं। मोबाइल एप्लीकेशन ECINET या वेबसाइट voters.eci.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उप जिला निर्वाचन अधिकारी पूजा मिश्रा ने बताया कि जो लोग इस पर अपने फॉर्म अपलोड कर देंगे, उनका नाम 10 अप्रैल को प्रकाशित होने वाली अंतिम सूची में रहेगा।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें