Advertisement

चर्चा: पीसीएस के इंटरव्यू में पूछा बुलडोजर जस्टिस पर सवाल, कुछ ऐसे भी रहे सवाल

 लोक सेवा आयोग की पीसीएस 2024 मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों का इंटरव्यू सोमवार से शुरू हो गया। पहले दिन इंटरव्यू में अभ्यर्थियों से देश-दुनिया के हालिया घटनाक्रम पर तो सवाल पूछे ही गए इसके साथ ही

सर्वाधिक चर्चित ‘बुलडोजर जस्टिस’ से जुड़ा प्रश्न भी पूछा गया। इंटरव्यू बोर्ड में शामिल सदस्य ने इस सवाल के जरिए इस मुद्दे पर अभ्यर्थी के मनोभाव को परखने की कोशिश की। इस प्रश्न पर अभ्यर्थी के जवाब की जानकारी तो नहीं हो सकी पर आयोग दफ्तर के गेट के सामने खड़े अभ्यर्थियों में इसे लेकर खासी चर्चा रही।



पहले दिन पूछे गए प्रश्नों में एक रोचक प्रश्न चर्चित ‘नीले ड्रम’ को लेकर भी रहा, जो एक महिला अभ्यर्थी से पूछा गया। वहीं, पिछले दिनों यूजीसी विवाद के बाद शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में दिए गए बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे को लेकर सवाल हुआ कि उनका इस्तीफा उचित था या अनुचित, आप होते तो क्या करते? कई अभ्यर्थियों से एआई पर आधारित सवाल पूछे गए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, तिब्बत में बनाए जा रहे दुनिया के सबसे बड़े जलविद्युत बांध के साथ ही एसआईआर और हाल के दिनों में काफी चर्चा में रही अरावली पहाड़ियों पर भी प्रश्न पूछा गया। सोशल मीडिया बैन, बच्चों के मोबाइल चलाने का सामाजिक प्रभाव जैसे प्रश्न भी रोचक रहे।


कुछ ऐसे भी रहे सवाल

● इंटरव्यू बोर्ड ने अभ्यर्थियों से यूजीसी के नए एक्ट पर उनकी राय पूछी तो लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव और भारत-अमेरिका तनाव और व्यापार करार के साथ ही वोट चोरी के मुद्दे पर भी सवाल किए।


● एक अभ्यर्थी से बोर्ड ने पूछा कि क्या रविवार को हुए भारत-पाकिस्तान के मैच को देखा था? फिर इससे जुड़ा प्रश्न पूछा और इसी कड़ी में आईपीएल संबंधित विवाद, बांग्लादेश के खिलाड़ी को चुनने और पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलना चाहिए या नहीं, जैसे सवाल भी पूछे गए।

UPTET news