Leaderboard Ad – Below Nav

Ad – Above Posts (Multiplex/Display)

Ad – Between Posts Section

देवरिया : बीएसए ने विभिन्न अनियमितताओं में लिप्त शिक्षकों के खिलाफ खोला मोर्चा

देवरिया. बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) मनोज कुमार मिश्र ने जिले में विभिन्न अनियमितताओं में लिप्त शिक्षकों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी कड़ी में मनोज ने रविवार को कड़ा फैसला लेते हुए दो शिक्षकों को बर्खास्त कर दिया।
इसके साथ ही बीएसए ने तीन शिक्षकों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की। बीएसए ने जिन दो शिक्षकों के खिलाफ सेवा समाप्ति की कार्रवाई की है उनमें बनकटा विकास खंड के पूर्व माध्यमिक विद्यालय भोपतपुरा के सहायक अध्यापक महेंद्र नाथ सिंह और रुद्रपुर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय लीलापुर भैंसही के प्रधानाध्यापक सुरेंद्र शर्मा शामिल हैं।
बीएसए ने बताया कि महेंद्रनाथ सिंह अपनी जगह पर एक अप्रशिक्षित व्‍यक्ति से कार्य करा रहा था। उन्‍होंने कहा कि आरटीआई के बाद केवल योग्‍य एवं चयनित टीईटी पास व्‍यक्ति ही शिक्षण कार्य कर सकता है।
किसी भी निजी व्‍यक्ति का स्‍कूल में प्रवेश अक्षम्‍य है। ऐसे में यूपी सरकारी सेवक नियमावली 1999 के नियम तीन के तहत उनकी सेवा को समाप्‍त करने का निर्णय लिया गया।
भाई की मौत के बाद बन गए फर्जी अध्‍यापक
इसी कड़ी में प्रधानाध्यापक रामानंद शर्मा अपने भाई सुरेंद्र शर्मा की मृत्यु के बाद सुरेंद्र शर्मा बनकर नौकरी कर रहे थे। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच डीएम के निर्देश पर कराई गई।
मामले की सुनवाई होने के बाद साक्ष्‍यों के आधार आरोपित अध्‍यापक सुरेंद्र शर्मा के ऊपर लगे आरोपों की पुष्टि हुई। इसके बाद इनके खिलाफ भी सेवा समाप्‍त करने की कार्रवाई की गई।
तीन शिक्षक निलंबित किए गए
जिन तीन शिक्षकों को निलंबित किया गया है उनमें प्राथमिक विद्यालय बैदा बासपार के सहायक अध्यापक उमेश शुक्ल, देसही देवरिया ब्‍लॉक के पूमावि के सहायक अध्यापक अनवर सादात और भटनी ब्‍लॉक स्थित पूमावि के सहायक अध्यापक सरोज पांडेय शामिल हैं। इन तीनों लोगों ने पांच महीने की छुट्टी ली।
साथ ही छुट्टी को सक्षम अधिकारी से स्‍वीकृत नहीं कराकर प्राचार्य डायट रामपुर कारखाना से कराई। ये नियम के खिलाफ है। इसके अलावा प्रमोशन होने के बाद बिना कार्यभार ग्रहण किए प्रमोशन के वेतन का फायदा भी लिया।
ये मामला वित्‍तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है। ऐसे में इनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
पहले भी बर्खास्त हो चुके हैं तीन अध्यापक
फर्जी अंकपत्र से शिक्षा मित्र और फिर समायोजित होकर सहायक अध्यापक बनी जिले की तीन शिक्षिका को भी बर्खास्‍त कर दिया गया था।
बीएसए मनोज कुमार मिश्र ने सलेमपुर, तरकुलवा और बनकटा विकास खंड के इन शिक्षिकाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षाधिकारियों को इन पर संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था।
बीएसए ने जिन शिक्षिकाओं की नियुक्ति निरस्त की थी, उनमें सलेमपुर विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय सोन्हूला में बतौर सहायक अध्यापक कार्यरत नीरा यादव, तरकुलवा के प्राथमिक विद्यालय गोपालपुर की सहायक अध्यापक दुर्गा भारती और बनकटा ब्‍लॉक के प्राथमिक विद्यालय पकड़ी नरहियां की सहायक अध्यापक सुरभी कुशवाहा शामिल हैं।
sponsored links:
ख़बरें अब तक - 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती - Today's Headlines

UPTET news