Breaking Posts

Top Post Ad

...बच्चों के साथ गुरूजी भी मना रहे हैं छुट्टी

ठंड के कारण बच्चों को राहत देने के लिए कक्षा आठ तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं मगर शिक्षकों को उपस्थित रहने को कहा गया है। 'हिन्दुस्तान' टीम ने शुक्रवार को जब विद्यालयों की हकीकत देखी तो पाया कि कुछ स्कूलों में इसका पालन हो रहा है तो कुछ में गुरुजी बच्चों के साथ छुट्टी मना रहे हैं। कहीं उपस्थिति आधी-अधूरी थी। कहीं शिक्षक अलाव तापते मिले।

सेवापुरी ब्लॉक
पूर्व माध्यमिक विद्यालय कालिकाधाम के गेट पर सुबह 10.40 बजे ताला लटका मिला। यहां सात शिक्षक और तीन अनुदेशक हैं। ताला बंद होने से सिर्फ घनश्याम सिंह नामक एक शिक्षक बाहर खड़े मिले। प्राथमिक विद्यालय जगतीपुर में ताला लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि इस समय छुट्टी चल रही है। जब 11.20 बजे प्रधानाध्यापक अमरेश कन्नौजिया से फोन से सम्पर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि थोड़ी देर में स्कूल पहुंचेंगे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय गैरहा में 12 बजे तक ताला लटका मिला। प्राथमिक विद्यालय (डोमैला) में प्रधानाध्यापक नदारद थे। एक शिक्षक ने बताया कि आए थे, किसी काम से गए हैं। प्राथमिक विद्यालय चित्रसेनपुर में दो शिक्षक अनुपस्थित थे। पूर्व माध्यमिक विद्यालय बिहड़ागांव में करीब 2.30 बजे ताला लटका था।
काशी विद्यापीठ ब्लाक
प्राथमिक विद्यालय (करसड़ा) पर 11 बजे तक ताला लटका मिला। स्कूल के अंदर कुछ बच्चे खेल रहे थे। उन्होंने बताया कि स्कूल बंद है। यहां पांच अध्यापक हैं लेकिन कोई उपस्थित नहीं था। प्राथमिक विद्यालय बेटावर में सात में तीन शिक्षक ही उपस्थित थे। जूनियर विद्यालय में सात में पांच शिक्षक थे। रजिस्टर पर दो को ट्रेनिंग पर दिखाया गया है। माधोपुर कोट (छितौनी) में प्राथमिक और जूनियर विद्यालय हैं। दोनों के प्रधानाध्यापक आग तापते मिले। जूनियर की प्रधानाध्यापिका विद्यावती ने बताया कि उनके यहां सभी शिक्षक मौजूद हैं। प्राथमिक विद्यालय में मौजूद सहायक अध्यापक राशिद ने बताया कि कुल सात शिक्षक और शिक्षामित्र कार्यरत हैं। दो शिक्षामित्र आई हैं। एक मेडिकल पर हैं। अन्य लोग आते होंगे। जूनियर हाईस्कूल कुरुहुआं में सभी उपस्थित थे। प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र कमला पाल थीं। अन्य शिक्षक और शिक्षामित्र अनुपस्थित थे।
बड़ागांव ब्लॉक
बड़ागांव ब्लॉक के कुछ स्कूलों का हाल ऐसा ही मिला। प्राथमिक विद्यालय सगुनहां में ताला लगा था। प्रथामिक विद्यालय सिसवां में नौ शिक्षकों में सिर्फ प्रधानाध्यापक रामशंकर पाठक ही मिले। उन्होंने बताया कि ठंड अधिक है। इसलिए अध्यापक अभी आए नहीं हैं। प्राथमिक विद्यालय, रघुनाथपुर में प्रधानाध्यापक के बीआरसी में जाने की सूचना मिली। अन्य अध्यापक और शिक्षामित्र मौजूद थे।
चोलापुर ब्लॉक
पूर्व माध्यमिक विद्यालय (ताड़ी) में प्रधानाध्यापक नहीं थे। प्राइमरी विद्यालय के प्रधानाध्यापक समेत सभी शिक्षक मौजूद थे। जूनियर हाईस्कूल (चोलापुर) में 12 में 9 शिक्षक अनुपस्थित थे। प्रधानाध्यापिका मालती देवी ने बताया कि तीन शिक्षक डायट पर ट्रेनिंग में गए हैं।
नगरीय क्षेत्र
प्राथमिक विद्यालय (मलदहिया) में करीब 12.30 बजे ताला बंद हो गया था। विद्यालय के पास स्थित चाय विक्रेता ने बताया कि आज स्कूल बंद है। टीचर लोग कल स्कूल आईं थीं। प्राथमिक विद्यालय (जगतगंज) भी 12.45 पर बंद मिला। हालांकि, आसपास के लोगों ने बताया अभी स्कूल बंद हुआ है। कुछ देर पहले स्कूल में स्वेटर पहुंचा है। प्राथमिक विद्यालय (पिशाचमोचन) में सभी शिक्षिकाएं और शिक्षामित्र उपस्थित थीं।
sponsored links:
ख़बरें अब तक - 72825 प्रशिक्षु शिक्षकों की भर्ती - Today's Headlines

No comments:

Post a Comment

Facebook