Leaderboard Ad – Below Nav

Ad – Above Posts (Multiplex/Display)

Ad – Between Posts Section

69000 भर्ती का नियुक्त पत्र लेकर लौट रहे शिक्षक की हादसे में मौत

 मलपुरा क्षेत्र में दक्षिणी बाईपास पर शनिवार रात हादसे में नियुक्ति पत्र लेकर लौट रहे एक शिक्षक की मौत हो गई। हादसे ने शिक्षक के परिवार की खुशियां एक झटके में मातम में बदल दीं। बेटा सरकारी नौकर हो गया था। अच्छे दिन आएंगे। परिजन यह सपने संजो रहे थे। बेटा काम पर जाता, इससे पहले ही सड़क हादसे का शिकार हो गया।



घटना रात करीब साढ़े दस बजे की है। अकोला ब्लॉक निवासी 32 वर्षीय जय सिंह चाहर की नौकरी बेसिक शिक्षा विभाग में लगी थी। हाथरस तैनाती मिली थी। वह खुशी-खुशी नियुक्ति पत्र लेने हाथरस गए थे। वापस लौटते समय न्यू दक्षिणी बाईपास पर गांव लालऊ के पास दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में पीछे से टक्कर मारी। हवा में कई फीट ऊंचा उछलकर वह सड़क पर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल पहुंचाने तक का मौका नहीं मिला। मौके पर ही दम तोड़ दिया। जय सिंह की मौत के बाद आरोपित चालक कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घर पर सभी मिठाई लेकर उनके लौटने का इंतजार कर रहे थे। जश्न जैसा माहौल था। पूरे परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं था। सभी यही बोल रहे थे कि देर से सही मगर ऊपर वाले ने सुन ली। सरकारी नौकरी लग गई। जय सिंह तो घर नहीं पहुंचे उनकी मौत की खबर घर पहुंची। सूचना से परिवारीजनों के पैरों तले जमीन सरक गई। घर में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि जय सिंह लंबे समय से सरकारी नौकरी के लिए प्रयासरत थे। वर्ष 2014 में उन्होंने बीटीसी की थी। सरकारी नौकरी नहीं मिलने पर प्राइवेट स्कूल में पढ़ाते थे। लॉकडाउन में उस नौकरी के भी लाले पड़ गए थे। इसी बीच सरकारी नौकरी की खबर से घर में खुशियां आ गई थीं।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

UPTET news